Our team will contact you shortly.
Wednesday, 24 October 2018
चेन्नई, तमिलनाडु
माननीय अध्यक्ष, दिल्ली विधानसभा
अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में चेन्नई चातुर्मास के दौरान आयोजित; दीक्षांत भाषण श्री राम निवास गोयल द्वारा।
संस्थान का 11वां दीक्षांत समारोह चैन्नई के माधवरम में आयोजित किया गया। समारोह वहां चातुर्मास प्रवास काल में विराजित तेरापंथ धर्मसंघ के 11वें आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में किया गया। आचार्यश्री महाश्रमण विश्वविद्यालय के अनुशास्ता भी हैं। समारोह में विश्वविद्यालय से उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से अनुशास्ता महाश्रमण ने अपने सम्बोधन में कहा – ज्ञान मनुष्य के जीवन के लिये आवश्यक तत्त्वों में से एक है। यह हमारे जीवनपथ को आलोकित करने वाला पवित्रतम और सर्वोपरि तत्त्व है। व्यक्ति को अपने आप में ज्ञान का विकास करना चाहिये तथा इसके साथ ही उसका प्रसार भी यथासंभव करना ही चाहिये। उन्होंने कहा कि जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय ज्ञान के साथ आचार व संस्कारों की शिक्षा भी देता है, क्योंकि ज्ञान की निष्पत्ति आचार के साथ ही होती है।
आर्थिक शुचिता से ही बढेगा देश आगे
उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में विनय और नैतिकता अपनाने की आवश्यकता बताई तथा कहा कि जीवन में विद्या प्राप्ति के साथ ज्ञान वृद्धि के लिये निरन्तर उड़ान भरते रहना चाहिये। हमेशा अपने व्यवहार में नैतिकता रहनी आवश्यक है। नैतिकता का सबसे बड़ा अंग है आर्थिक शुचिता। राजनीति हो या शिक्षा – सभी क्षेत्रों में आर्थिक शुचिता को महत्त्व दिया जाना आवश्यक है, तभी हमारा देश आगे बढ पायेगा। समारोह के मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि देश में अनेक सम्प्रदाय हैं। वे सम्प्रदाय अपने–अपने अधिकारों को सरकार से मांगते हैं, लेकिन साधुवाद है इस तेरापंथ सम्प्रदाय को, जिसके लोग अपने नेक उपार्जन में से राशि निकाल कर इस देश के शिक्षा जगत को अपने पैरों पर खड़ा करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से हमेशा अपना लक्ष्य ऊंचा रखने की प्रेरणा दी।
उपाधि केवल पड़ाव है मंजिल नहीं
इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता करते हुये संस्थान की कुलाधिपति सावित्री जिन्दल ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण में नींव का पत्थर होता है। वह दिये की भांति आस पास में शिक्षा का प्रकाश फैलाता है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव तुलसी ने कहा था, नैतिक ज्ञान के साथ धैर्य, गंभीरता, नेतृत्व के गुण भी सिखाये जाने चाहिये। जैन विश्वभारती संस्थान इसे ही साकार कर रहा है।
साध्वी प्रमुखाश्री कनकप्रभा ने शिक्षा को एक पथ बताया तथा कहा कि यह केवल गंतव्य ही नहीं है। शिक्षा के माध्यम से प्रसिद्धि, ऐश्वर्य, पद और सत्ता तक प्राप्त की जा सकती है, लेकिन इनसे आगे के क्षेत्रों की तलाश को खत्म नहीं किया जाना चाहिये। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल थे। कार्यक्रम में कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़, कुलसचिव विनोद कुमार कक्कड़, जैन विश्वभारती के अध्यक्ष अरविंद संचेती, पूर्व अध्यक्ष रमेश बोहरा, डॉ. धर्मचंद लूंकड़, दूरस्थ शिक्षा निदेशक प्रो. आनन्दप्रकाश त्रिपाठी, समाज कार्य विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. बिजेन्द्र प्रधान, उपकुलसचिव डॉ. प्रद्युम्न सिंह शेखावत, डॉ. युवराज सिंह खंगारोत, अहिंसा एवं शांति विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर दाधीच, शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. बी.एल. जैन आदि उपस्थित थे।
2904 को दी गई उपाधियां
कार्यक्रम में इस वर्ष के शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधियां तथा एमए, एमएससी उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, उपाधियां व मैडल प्रदान किये गये। कुल 2904 विद्यार्थियों को डिग्रियां वितरित की गईं, जिनमें सभी विभागों के 65 शोधार्थियों को पीएचडी, 11 जनों को स्वर्ण पदक एवं अन्य को अधिस्नातक व स्नातक की उपाधियां प्रदान की गईं।
संस्थान ने बनाया अन्तर्राष्ट्रीय सम्मान
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपतियों का स्मरण करते हुये संस्थान में उनके अवदानों का उल्लेख किया। उन्होंने प्रथम अनुशास्ता आचार्य तुलसी के संस्थान के प्रति व्यक्त उद्गार का उल्लेख करते हुये कहा – यह संस्थान देश के अन्य समस्त विश्वविद्यालयों से इसलिये अलग है कि इसकी स्थापना इस युग के महान आचार्य आचार्यश्री तुलसी ने की थी। यह देश का एकमात्र विश्वविद्यालय है जो मूल्यनिष्ठ शिक्षा को समर्पित है। आचार्य तुलसी ने कहा था कि “जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय” एक होनहार बिरवा है जो आगे जाकर कल्पवृक्ष बनेगा। इस दृष्टि से इसका पालन–पोषण और समुचित परिचर्या हो। इसकी मातृसंस्था– जैन विश्वभारती तो सजग रहेगी ही, अन्य लोग भी सजग रहें। पुरूषार्थ, संसाधन और योग्यता के आधार पर इसे संभव बनाया जा सकता है। मेरा विश्वास है कि सभी व्यक्ति मेरे सपने को पूरा करने में सहयोगी बनेंगे, कार्य को आगे बढायेंगे।” कुलपति ने विश्वविद्यालय को अब तक मिले अवार्डों, यूजीसी द्वारा सेक्शन 12–बी की स्वीकृति प्रदान किये जाने, ओडीएल यानी ओपन एवं डिस्टेंस लर्निंग की स्वीकृति आदि को उपलब्धि बताया और शैक्षणिक गुणवत्ता वृद्धि के लिये नियमित रूप से एकेडमिक ऑडिट किये जाने के बारे में जानकारी दी। यहाँ डिजीलोकर, केशलेस एवं डिग्री की डिजीटाईजेशन सुरक्षा प्रदान करने का कार्य भी किया गया है। इसके 14 सिक्योरिटी फीचर्स से इस डिग्री की प्रतिलिपि बनाना लगभग असंभव बना दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आचार्य महाप्रज्ञ जन्मशताब्दी के अवसर पर यह विश्वविद्यालय आचार्य महाप्रज्ञ मेडिकल कॉलेज नेचुरोपैथी एंड योगा का प्रारम्भ करने जा रहा है। उन्होंने इसमें सहयोग के लिये पदमचंद भूतोड़िया व कमल किशोर ललवानी के प्रति आभार ज्ञापित किया।










