Our team will contact you shortly.
Saturday, 2 November 2019
बेंगलुरु, कर्नाटक
केन्द्रीय मंत्री
अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य एवं कुलाधिपति श्रीमती सावित्री जिंदल की अध्यक्षता में आयोजित; मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री श्री डी.वी. सदानन्द गौड़ा; श्री श्री रविशंकर एवं श्री सीताराम जिन्दल को डी.लिट्. की मानद उपाधि।
जैन विश्वभारती संस्थान का 12वाँ दीक्षांत समारोह अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमणजी की सन्निधि एवं कुलाधिपति श्रीमती सावित्री जिंदल की अध्यक्षता में 2 नवम्बर, 2019 को कुमुलागुडु बैंगलुरू में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री श्री डी.वी. सदानन्द गौड़ा थे। दीक्षान्त समारोह की विशिष्टता इस बात में निहित थी कि इसमें कुल 2890 उपाधियों के साथ विश्वप्रसिद्ध श्री श्री रविशंकर एवं प्रसिद्ध उद्योगपति श्री सीताराम जिन्दल को डी.लिट् की मानद उपाधि प्रदान की गई। इस अवसर पर दीक्षान्त भाषण प्रदान करते हुए श्री गौड़ा ने कहा जैन विश्वभारती का दीक्षान्त समारोह विशिष्ट है, क्योंकि यह संस्थान विशिष्ट है। इस संस्थान से उपाधि प्राप्त विद्यार्थी राष्ट्रहित के लिए काम करें तथा विश्व को वर्तमान संकटों से उबारने में अपना योगदान करें। श्री गौड़ा ने कहा, इस विश्वविद्यालय के अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण जी एवं श्री श्री रविशंकर जी दोनों ही महान् धर्मगुरू हैं तथा ये व्यक्ति, समाज और विश्व को तनाव मुक्त करने का महत्त्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं।
आर्ट ऑफ लिविंग के प्रवर्तक विख्यात अध्यात्म गुरु श्रीश्री रविशंकर ने मानद उपाधि स्वीकार करते हुए कहा कि हिंसा कोई बल नहीं है, बल्कि वह भीतर की कमजोरी है। जो व्यक्ति आत्मबल या आत्मनिष्ठा सम्पन्न है, वह कभी हिंसा का सहारा नहीं लेता। आज ‘अहिंसा परमोधर्मः’ की आवाज बुलंद करने की आवश्यकता है। अहिंसा का संदेश घर–घर पहुंचना चाहिये। उन्होंने कहा कि जैन संत पैदल चल कर घर–घर में अहिंसा का संदेश दे रहे हैं। वे पुरातन संस्कृति के भाव को क्षीण होने से बचा रहे हैं और शाकाहार को पुनः प्रचारित कर रहे हैं, जिससे अहिंसा के भावों को बल मिल रहा है।
चारों तरफ फैले अहिंसा का प्रकाश
कार्यक्रम को सान्निध्य प्रदान करते हुये विश्वविद्यालय के अनुशास्ता आचार्यश्री महाश्रमण ने कहा– हिंसा अंधकार है और मोहजनित होती है। ज्ञान प्रकाश स्वरूप है। ज्ञानी आदमी कभी हिंसा नहीं कर सकता। उन्होंने इच्छा व्यक्त की कि चारों तरफ अहिंसा का प्रकाश फैलना चाहिये। हिंसा देखकर निराश नहीं होना चाहिये, उसे मिटाने का पूरा प्रयास करना चाहिये। उन्होंने एक शेर भी सुनाया– “माना कि अंधकार घना है, पर दीपक जलाना कहां मना है।” उन्होंने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अनुशासन देते हुए कहा कि– शिक्षा जीवन के लिये बहुत आवश्यक होती है। शिक्षा के प्रति सरकार और जनता दोनों जागरूक हैं, लेकिन शिक्षा संस्थानों में संस्कारों का निर्माण भी होना चाहिये। ज्ञान के साथ अच्छे भाव, मैत्री के भाव पनपे और हिंसा के भाव दूर हों, यह आवश्यक है। साथ ही अभय का विकास भी होना चाहिये।
आचार्य महाप्रज्ञ द्वारा अणुव्रतों, प्रेक्षाध्यान और जीवन विज्ञान को शिक्षा में शामिल करके जैन विश्वभारती संस्थान में सद्शिक्षा को प्रभावी बनाया गया। उपाधि के साथ यहां से केवल ज्ञान नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार और संकल्प भी साथ लेकर जायें तथा परिवार, समाज और देश के लिये समस्या बनने के स्थान पर समाधान बन कर उभरें, तभी शिक्षा सार्थक हो पायेगी।
शिक्षा जीवन–रूपान्तरण की ज्योति है
पीईएस विश्वविद्यालय बैंगलोर के कुलाधिपति डोरेस्वामी ने कहा– अहिंसा धर्म आज की आवश्यकता बन चुका है, परन्तु पूरी दुनिया में हिंसा फैल रही है, जिससे अहिंसा का प्रसार अत्यन्त आवश्यक बन गया है। साध्वीप्रमुखा कनकप्रभा ने अपने सम्बोधन में कहा कि शिक्षा से रूपान्तरण की ज्योत विकसित होती है और जीवन की समग्रता का बोध करवाती है। विद्या के साथ विनम्रता व चरित्रनिष्ठा आदि जीवन–मूल्य भी जुड़ने चाहियें। इस विश्वविद्यालय में ज्ञान प्राप्ति के साथ विद्यार्थियों को जीवन मूल्यों की प्राप्ति भी होती है।
संस्थान की कुलाधिपति श्रीमती सावित्री जिन्दल ने कहा कि दीक्षांत समारोह से जीवन की शुरूआत होती है, जो जानकारियां, शिक्षाएँ प्राप्त की हैं, उनसे आत्मविश्वास का स्तर बढ़ जाता है। आज हमारी दुनिया अन्तःस्फोट और बाह्य विस्फोट दोनों खतरों से घिरी हुई है। इनका मुकाबला करने में आचार्य महाप्रज्ञ व महाश्रमण की शिक्षाएं व विचार सक्षम हैं। हमें अहिंसा का मार्ग अपनाना आवश्यक है। वर्तमान हिंसा व कटुता के माहौल में जैन विश्वभारती संस्थान की शिक्षाएं महत्त्वपूर्ण कार्य कर रही हैं।
मरुधरा में तैयार किया शैक्षिक वातावरण
कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़ ने विद्यार्थियों एवं परिषद् को सम्बोधित करते हुए कहा कि संस्थान ने मरुधरा के क्षेत्र में शैक्षणिक वातावरण तैयार करने के प्रयास किये हैं, जिससे सकारात्मक उपलब्धियां मिली हैं। संस्थान के प्राध्यापक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हुए है। यहां के कई विद्यार्थियों ने विश्व–रिकॉर्ड कायम किये हैं। राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार आयोजन करना यहां की परम्परा रही है। उन्होंने घोषणा की कि जैन विश्वभारती संस्थान में आचार्य महाप्रज्ञ नेचुरोपैथी एंड योगा मेडिकल कॉलेज एवं होस्पिटल के शिलान्यास के अलावा दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के पृथक् भवन का निर्माण भी करवाया जाएगा।
विश्वविद्यालय में बढ़ती छात्रसंख्या को देखते हुये दो छात्रावासों का निर्माण, अतिथि गृह का निर्माण और यातायात सुविधा बढ़ाने का काम भी किया जाना है।
श्रीश्री रविशंकर व जिन्दल को डाक्टरेट की मानद उपाधि, 2890 उपाधियां वितरित
कार्यक्रम में कुल 2890 विद्यार्थियों को पी–एच्.डी., एम.ए., एम.एससी., एम.एस.डब्ल्यू., बी.एड., एम.एड., बी.ए., बी.कॉम. आदि की उपाधियाँ वितरित की गई। इनमें से मीनाक्षी मारू, रामप्रकाश अरनेजा, प्रगति भूतोड़िया, खयाली राम, कृष्ण कुमार तिवारी, राहुल जैन, मनोज कुमार जैन, राकेश कुमार जैन, जयप्रकाश सिंह, भागीरथ, विजयसागर शर्मा, कार्तिकेश्वर विश्वास, प्रेमलता, चित्रा दाधीच सहित कुल 27 शोधार्थियों को डाक्टर ऑफ फिलोसोफी (पीएच्.डी.) की उपाधियां दी गई। इनके अलावा सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों मुमुक्षु धरती (अब साध्वी धृतिप्रभा), जितेन्द्र उपाध्याय व प्रिया शर्मा को गोल्ड मैडल प्रदान किये गये।
इस अवसर पर विश्वविख्यात धर्मगुरु श्रीश्री रविशंकर को विश्व भर में तनावमुक्त शांत जीवन का वातावरण बनाने तथा श्री सीताराम जिंदल को प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रचार–प्रसार में व्यापक भूमिका निभाने के लिये विश्वविद्यालय की ओर से डी–लिट्. की मानद उपाधि प्रदान की गई। कार्यक्रम में समाजसेवी कमलचंद ललवानी, पदमचंद पटावरी व मूलचंद नाहर का सम्मान भी किया गया। अतिथियों का सम्मान कुलाधिपति सावित्री जिन्दल, कुलपति प्रो. बच्छराज दूगड़, जैन विश्वभारती के अध्यक्ष अरविन्द संचेती ने किया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव रमेश कुमार मेहता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।










