लाडनूँ, 19 नवम्बर 2026। जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में प्रो. सुनील कुमार इंटोदिया को आगामी कार्यकाल के लिए कुलपति नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई है। यह घोषणा कुलाधिपति अर्जुन राम मेघवाल ने यहां सुधर्मा सभा में अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण के सान्निध्य में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान मंच से की। इंटोदिया उदयपुर सहित अनेक विश्वविद्यालयों में विभिन्न पदों का दायित्व संभाल चुके हैं। उनकी नियुक्ति घोषणा पर संस्थान के अनुशास्ता आचार्य श्री महाश्रमण ने अपने उद्बोधन में नए कुलपति के लिए कहा कि जहां धर्मगुरु का अनुशासन होता है वह संस्थान अच्छा होता है। यह एक गुरुकुल की तरह का संस्थान है, जहां आज साधु-साध्वियां, समणियां, विद्यार्थी रहते हैं। दुनिया के अनेक विश्वविद्यालयों में यह विश्वविद्यालय किसी आश्रम की तरह है। इस गुरुकुल वास की उपस्थिति में यह नई नियुक्ति मिली है, यह काफी महत्वपूर्ण है। नवघोषित कुलपति सुनील कुमार भी दीक्षांत समारोह में मंचस्थ रहे। उनके कार्यभार ग्रहण करने तक प्रो. बच्छराज दूगड़ ही कुलपति का दायित्व प्रभार संभालते रहेंगे।




